Today Breaking News

गाजीपुर के युवक की सऊदी अरब में मौत, सड़क हादसे में गई जान

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के बारा गांव निवासी आजाद खान की सऊदी अरब में ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना की सूचना रविवार शाम करीब छह बजे परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने बताया कि आजाद खान सऊदी अरब के दमाम शहर में लोडर (भारी वाहन) चालक के रूप में कार्यरत थे। रविवार को ड्यूटी के दौरान उनका वाहन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आजाद रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। वह करीब चार महीने पहले छुट्टी पर अपने गांव आए थे और अवकाश समाप्त होने के बाद दोबारा सऊदी लौट गए थे।
मृतक
आजाद खान के पिता शेरा खान का पहले ही निधन हो चुका है। तीन भाइयों में आजाद सबसे छोटे थे। उनका विवाह सेवराई तहसील क्षेत्र के खजुरी गांव में हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक वर्ष का बेटा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद गांव में मातम का माहौल है। रिश्तेदार और ग्रामीण लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। परिजन आजाद खान के पार्थिव शरीर को सऊदी अरब से भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं, ताकि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।