गाजीपुर में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के आदेश पर अवैध कब्जा हटाया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जखनियां तहसील अंतर्गत दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जसौली गांव में प्रशासन ने 15 साल पुराने अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के सख्त आदेशों के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई। उप जिलाधिकारी अतुल कुमार और राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में जेसीबी ने वर्षों से बंद रास्ते को मुक्त कराया।
राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि गांव की गाटा संख्या 132 पर पिछले 15 वर्षों से दबंगों का कब्जा था। ईंट, बालू और गोबर के ढेर लगाकर रास्ते को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे 8 से 9 परिवारों का निकलना मुश्किल हो गया था। ग्रामीणों ने कई बार शिकायतें की थीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
इस लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान तब हुआ जब पीड़ित मंजू (पत्नी अवधेश) ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के 'जनता दर्शन' कार्यक्रम में अपनी समस्या बताई। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए हंगामा करने का प्रयास किया। हालांकि, राजस्व निरीक्षक धीरेंद्र प्रताप सिंह और भारी पुलिस बल की तत्परता के कारण उपद्रवियों की कोशिशें नाकाम रहीं। पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण को पूरी तरह हटाकर रास्ता साफ कर दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लेखपाल आशुतोष पांडे, सौरभ सिंह और जलालाबाद चौकी प्रभारी सहित भारी पुलिस बल तैनात था। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवारों ने राहत महसूस की है।
