गाजीपुर में गुमशुदा लड़के को पुलिस ने किया बरामद, घर से लापता हुआ था किशोर
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सेवराई क्षेत्र में गहमर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 वर्षीय गुमशुदा बालक को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। बालक के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, गहमर थाना क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय जाकिर अंसारी पुत्र मोहम्मद जावेद अंसारी शनिवार को अपने घर से लापता हो गया था। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना गहमर पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी।
गहन तलाश के दौरान रविवार सुबह पुलिस ने जाकिर अंसारी को भदौरा रेलवे स्टेशन के पास सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बालक को अपनी अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने गहमर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं, क्षेत्र के लोगों ने भी कम समय में गुमशुदा बालक को खोजकर सुरक्षित परिवार तक पहुंचाने के लिए पुलिस की कार्यकुशलता की प्रशंसा की।
