Today Breaking News

गाजीपुर से शिरडी साईं-बाबा और 3-ज्योतिर्लिंगों का करें दर्शन, 1 सितंबर से चलेगी भारत गौरव ट्रेन

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शिरडी के साईं बाबा मंदिर, एलोरा की विश्व प्रसिद्ध गुफाओं और ज्योतिर्लिंगों के दर्शन की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे और आईआरसीटीसी पटना की ओर से विशेष भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन का संचालन 1 सितंबर से किया जाएगा। ट्रेन संख्या 00391 का ठहराव दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है।
ट्रेन बिहार के बिहटा से रवाना होकर पटना, आरा और बक्सर के रास्ते दिलदारनगर पहुंचेगी। यहां शाम 7:10 बजे ट्रेन पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद 7:15 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के लिए रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 00392 आठ सितंबर की रात 11:40 बजे दिलदारनगर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 11:45 बजे पटना के लिए रवाना होगी।

आईआरसीटीसी पटना के क्षेत्रीय प्रबंधक कन्हैया शर्मा के अनुसार, पैकेज कोड ईजेडबीजी-32 के तहत संचालित इस ट्रेन में बेतिया से प्रयागराज छिवकी तक कुल 14 स्टेशनों से यात्रियों को बोर्डिंग की सुविधा मिलेगी। आठ रात और नौ दिन की इस यात्रा में श्रद्धालुओं को धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

भारत गौरव ट्रेन में बेतिया, सुगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, दिलदारनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और प्रयागराज छिवकी से यात्री बोर्डिंग कर सकेंगे।

यात्रा के दौरान उज्जैन के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, नासिक के त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा शिरडी स्थित श्री साईं बाबा मंदिर और छत्रपति संभाजीनगर के घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी पैकेज में शामिल हैं। यात्रियों को एलोरा की ऐतिहासिक गुफाओं का भ्रमण भी कराया जाएगा।

यात्रियों के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया 18,160 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। स्टैंडर्ड क्लास के लिए 32,550 रुपए और कम्फर्ट क्लास के लिए 39,425 रुपए प्रति यात्री किराया रखा गया है।

पैकेज में रेल यात्रा के साथ आवास, शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण, सुरक्षा और यात्रा बीमा की सुविधा शामिल है। बुकिंग और पैकेज से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट या हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं।