Today Breaking News

गाजीपुर में चकरोड विवाद में घायल बुजुर्ग की मौत, पुलिस ने शव कब्जे में लिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां कोतवाली क्षेत्र में चकरोड विवाद को लेकर हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय बुजुर्ग सुदर्शन बिंद की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर बलुआ घाट पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक के पुत्र बाबू राम ने बताया कि 25 अगस्त को रामपुर उर्फ सलेमपुर गांव में गली और सरकारी चकरोड को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें सुदर्शन बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

बाबू राम का आरोप है कि घटना के बाद डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई थी और प्रार्थना पत्र भी दिया गया था। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने उसी दिन मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की होती तो उनके पिता की जान बच सकती थी।

बुजुर्ग की मौत के बाद रविवार को परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर बलुआ घाट पहुंचे। इसी दौरान जमानियां कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में मिली शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई थी। रविवार को मृतक के परिजनों की ओर से नया प्रार्थना पत्र मिला है। उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारण और परिजनों की आशंका दूर करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।