गाजीपुर में आवारा पशु से बचने में बाइक सवार की मौत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा एक आवारा पशु से बचने के प्रयास में हुआ, जब युवक की बाइक को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र स्थित पुरैनी गांव निवासी 35 वर्षीय पीयूष कुमार सिंह पुत्र अशोक कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को युवक की जेब से मिले पैन कार्ड से उसकी पहचान सुनिश्चित हुई।
सूचना मिलने पर सैदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने युवक की मौत की पुष्टि की। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है, जो सैदपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस ने शव को जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया है। परिजनों के पहुंचने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
