गाजीपुर में किशोर की संदिग्ध मौत, महिला पर हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मुहम्मदाबाद इलाके के फिरोजपुर गांव में मंगलवार शाम एक 10 वर्षीय किशोर हर्ष पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव की एक महिला पर बच्चे का मुंह कीचड़ में दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, हर्ष पाल अपने पट्टीदारी के एक हमउम्र लड़के के साथ खेत में खेल रहा था। खेलते समय दोनों बच्चों में झगड़ा हो गया। परिजनों का आरोप है कि झगड़ा देखकर उस दूसरे बच्चे की मां ने हर्ष पाल का चेहरा खेत में जमा कीचड़ युक्त पानी में दबा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
हर्ष को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह सीएचसी पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जिला मुख्यालय स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मौखिक सूचना के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
मृतक हर्ष पाल की मां सीमा देवी की तीन वर्ष पूर्व छत से गिरकर मौत हो गई थी। हर्ष की मौत से परिवार की महिलाओं का रो रोकर बुरा हाल था।
