गाजीपुर में जमीन विवाद में लाठी-डंडे चले, मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव में सोमवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडों के साथ धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घटना का 3 मिनट 47 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं बांका और हंसिया जैसे धारदार हथियार लिए भी नजर आ रही हैं। वहीं, विवाद के दौरान कुछ बच्चे और बच्चियां भी मौके पर दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन मारपीट जारी रही।
जानकारी के अनुसार, प्रेमचंद यादव और उनकी भाभी चंदा का अपने पाटीदार राजेश व उनके परिवार से जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि खाली जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जलालाबाद चौकी प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्ष आपस में पाटीदार हैं और उनके बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। पहले बिजली कनेक्शन को लेकर भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। अब जमीन पर कब्जे को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है।
पुलिस के अनुसार प्रेमचंद यादव की ओर से दुल्लहपुर थाने में लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
