गाजीपुर में हत्याकांड में फरार आरोपी शंकर पांडेय के घर कुर्की, पुलिस ने TV-कूलर समेत घरेलू सामान जब्त किया
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बहुचर्चित अंशुमान सिंह हत्याकांड के आरोपी शंकर पांडेय के गौसाबाद स्थित घर पर कोतवाली पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। बुधवार शाम 6 बजे कोर्ट के आदेश पर टीम ने घर में मिले घरेलू सामान की सूची तैयार कर उसे कब्जे में ले लिया। पुलिस ने तीन कमरों के दरवाजे और खिड़कियों के पल्ले भी उखाड़कर कुर्क किए। गुरुवार शाम 4 बजे मामले की जानकारी हुई।
पुलिस के अनुसार, कुर्क किए गए सामान में बक्सा, रंगीन टीवी, कूलर, टेबल, कंप्यूटर और रसोई में इस्तेमाल होने वाला सामान शामिल है। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में सभी सामान की सूची तैयार की। इसके बाद जब्त सामान को शहर कोतवाली के मालखाने में जमा कर सील कर दिया गया।
मामला मार्च 2020 में शहर कोतवाली क्षेत्र के सकलेनाबाद में छात्र अंशुमान सिंह की हत्या से जुड़ा है। हत्याकांड में शंकर पांडेय समेत कई लोगों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस के प्रार्थनापत्र पर कोर्ट ने शंकर पांडेय के खिलाफ कुर्की की नोटिस जारी की थी। निर्धारित समय में अदालत के सामने हाजिर नहीं होने पर न्यायालय ने उसके घर की कुर्की का आदेश दिया था।
कोर्ट के आदेश के अनुपालन में गुरुवार देर शाम एसआई रामलिन यादव, जितेंद्र यादव और अवध नारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम गौसाबाद स्थित शंकर पांडेय के घर पहुंची। ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस ने घर के अंदर मिले सामान को कब्जे में लेकर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की।
एएसपी सिटी राकेश मिश्रा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई पूरी की गई है। घर में मिले सामान की सूची तैयार कर उसे मालखाने में जमा कराया गया है। कुर्क किए गए सामान की अनुमानित कीमत हजारों रुपये बताई गई है।
