Today Breaking News

गाजीपुर में ADG नवीन अरोड़ा ने की पुलिसिंग की समीक्षा, माफिया पर कार्रवाई के निर्देश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. वाराणसी जोन के एडीजी नवीन अरोड़ा ने गुरुवार को गाजीपुर का दौरा कर पुलिसिंग की समीक्षा की। 29 जुलाई को वाराणसी जोन का कार्यभार संभालने के बाद यह उनका पहला गाजीपुर दौरा था। पुलिस कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली और लंबित मामलों की जानकारी ली।
एडीजी ने वेलफेयर, एचएलएनएस, ह्यूमन रिसोर्स पोर्टल और यूपी कॉप से संबंधित शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एलआईयू और महिला सहायता प्रकोष्ठ में लंबित मामलों की भी जानकारी ली। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

नवीन अरोड़ा ने अधिकारियों से कहा कि पुलिसिंग में संख्या के बजाय गुणवत्ता पर ध्यान दिया जाए। छोटे गुडवर्क दिखाने के बजाय बड़े अपराधियों, गैंगस्टरों और माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जानकारी जुटाकर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि बड़े अपराधियों पर बिना दबाव और निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस की कार्रवाई ऐसी हो कि पीड़ितों को थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। जनता का बेहतर फीडबैक और लोगों का खुद को सुरक्षित महसूस करना ही अच्छी पुलिसिंग की पहचान है।

एडीजी ने पासपोर्ट, यूपी कॉप और विभिन्न प्रमाणपत्रों से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए इनके निस्तारण में लगने वाला समय कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंकड़े बढ़ाने के बजाय काम की गुणवत्ता और समयबद्ध निस्तारण पर ध्यान दिया जाए।

एडीजी ने इंटरस्टेट, इंटरडिस्ट्रिक्ट और इंटरजोनल बॉर्डर पर पुलिस व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए पुलिसकर्मियों की भर्ती के बाद पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ी है। इसका बेहतर इस्तेमाल कर सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की जाए।

पुलिस कार्यालय की सभी शाखाओं के निरीक्षण और समीक्षा के बाद एडीजी वाराणसी पुलिस लाइन पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।