Today Breaking News

गाजीपुर में भाई-बहन से मारपीट, चार पर केस दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर में पुरानी रंजिश को लेकर भाई-बहन के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित के प्रार्थनापत्र पर बृहस्पतिवार को चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि भतौरा गांव निवासी धनन्जय कुमार गुप्ता पुत्र कृष्णानंद गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि गांव के अभिषेक यादव, सोनू यादव, विश्राम यादव और राहुल यादव ने उन्हें उमाशंकर राजभर के घर के पास रोका। उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते धनंजय को मां-बहन की गाली दी।

झगड़े की आवाज सुनकर धनंजय की बहन सरिता कुमारी और मां श्रीमती रानी देवी सहित गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी मां और बहन को भी गाली दी। इसके बाद धनंजय और उनकी बहन को लाठी-डंडों और थप्पड़ों से पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोपियों ने धनंजय के वन प्लस नोर्ड और आईफोन 11 मोबाइल फोन भी तोड़ दिए।

धनंजय ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि करीब एक साल पहले भी इन्हीं आरोपियों और उनके साथियों संजय यादव, संदीप यादव, पीयूष यादव (पुत्र जितेंद्र यादव) तथा पीयूष यादव (पुत्र लाल बहादुर यादव) और निरहू यादव (पुत्र तेजू यादव) के साथ उनका विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग के आरोप में चालान किया था।

प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़ित के प्रार्थनापत्र पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की छानबीन की जा रही है।