गाजीपुर में जमीन के विवाद में कारोबारी पर गोली चलाई, बाल-बाल बची जान, आरोपी गिरफ्तार
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र में एक फर्नीचर दुकान पर मंगलवार रात युवक पर फायरिंग की गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ कर रही थी, तभी आरोपी दोबारा उसी रास्ते से गुजरे और हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
यह घटना बहादुरगंज कस्बे में रात करीब 10:30 बजे हुई। बहादुरगंज निवासी सुमित शर्मा अपनी फर्नीचर की दुकान बंद कर रहे थे, तभी बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उन पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। सुमित ने किसी तरह दुकान के अंदर जाकर अपनी जान बचाई। गोली सुमित को नहीं लगी, बल्कि पास रखे फर्नीचर में जा धंसी।
सुमित ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही बहादुरगंज चौकी प्रभारी और 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुमित से घटना के बारे में जानकारी ले रही थी। इसी दौरान, कुछ देर बाद वही आरोपी अपनी बाइक से दोबारा दुकान के पास से गुजरे। उन्होंने हवाई फायरिंग की और मौके से भाग निकले।
पुलिस टीम ने तुरंत आरोपियों का पीछा करना शुरू किया। एसपी ग्रामीण के अनुसार, इस मामले में एक युवक को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जमीन के विवाद से जुड़ा बताया जा रहा मामला.
एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बुधवार की दोपहर 1 बजे बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन का पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सुमित शर्मा के परिवार ने करीब दो वर्ष पहले शिवानंद यादव के पिता राजाराम यादव के मकान के पास जमीन खरीदी थी।
वहां मकान बनाए जाने के बाद करीब एक वर्ष पहले नाली बनाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और कहासुनी हुई थी। पुलिस अब इसी विवाद को फायरिंग की घटना से जोड़कर जांच कर रही है।
सुमित शर्मा की तहरीर के आधार पर कासिमाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिवानंद यादव समेत अन्य आरोपियों को नामजद किया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि शिवानंद यादव का पूर्व में मऊ जनपद में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस उसके पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी पर है।
सुमित शर्मा की तहरीर पर कासिमाबाद थाने में बुधवार सुबह मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बीएनएस की धारा 109(1), 352 और 351(3) के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार, घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। मामले की जांच जारी है।
