गाजीपुर में विदेश भेजने के नाम पर 90 हजार की ठगी, पुलिस से की शिकायत
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के रायपुर पांडेयपुर गांव के तीन ग्रामीणों ने इजराइल भेजने के नाम पर 90 हजार रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि दो साल बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो विदेश भेजा गया और न ही उनकी रकम वापस की गई। इस संबंध में उन्होंने गाजीपुर पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई और अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, रायपुर गांव निवासी शेषनाथ चौहान, काशीनाथ और स्वामीनाथ चौहान ने यह आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, हमीरपुर बिजौरा के दिनेश उर्फ गुड्डू राजभर ने उन्हें और उनके बेटों को रोजगार के लिए इजराइल भेजने का भरोसा दिया था। आरोपी ने प्रत्येक व्यक्ति से 30-30 हजार रुपये नकद लिए, जिससे कुल 90 हजार रुपये की ठगी हुई।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि रकम लेने के बाद लगभग दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन उन्हें इजराइल नहीं भेजा गया। जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपी दिनेश उर्फ गुड्डू राजभर ने टालमटोल करना शुरू कर दिया।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताकर उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास करता है।
इस मामले में शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से 90 हजार रुपये वापस दिलाने और आरोपों की जांच कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मरदह थाना प्रभारी पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि पुलिस इस प्रकरण की जांच कर रही है।
