गाजीपुर में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, कई लोग घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में रविवार शाम एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड़ही में पलट गया। इस वाहन में दो दर्जन से अधिक महिला और पुरुष श्रद्धालु सवार थे। यह घटना धरवार कला गांव के सामने कासिमाबाद-रसड़ा मार्ग पर शाम करीब 4:30 बजे हुई।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी सवारों को वाहन से बाहर निकाला। इस दुर्घटना में दो महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं। ग्रामीणों ने जेसीबी की सहायता से पलटे हुए वाहन को सीधा किया।
श्रद्धालुओं ने बताया कि वे नंदगंज थाना क्षेत्र के देवसा गांव के निवासी हैं। वे कासिमाबाद तहसील क्षेत्र स्थित सती धाम में दर्शन-पूजन कर अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में अचानक ब्रेकर आने से चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा, जिसके परिणामस्वरूप पिकअप खाई में पलट गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, तब तक ग्रामीणों की मदद से वाहन को सीधा कर लिया गया था। सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से अपने घरों के लिए रवाना हो गए।
