Today Breaking News

गाजीपुर में गोरखपुर-वाराणसी हाइवे पर सांड से टकराई बाइक, इंजीनियर की मौत, एक गंभीर घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. सैदपुर थाना क्षेत्र में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर शनिवार देर रात सड़क पर घूम रहे एक सांड से बाइक टकराने से एक सर्विस इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का वाराणसी में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी निवासी 36 वर्षीय परदेश यादव और उनके मित्र 34 वर्षीय चंद्रमा राजभर कानपुर स्थित एक निजी कंपनी में सर्विस इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। शनिवार को दोनों मऊ जिले के एक कोल्ड स्टोरेज में कार्य पूरा कर बाइक से वाराणसी लौट रहे थे। बाइक परदेश यादव चला रहे थे।

बताया गया कि सैदपुर नगर स्थित मीठा पानी रेस्टोरेंट के सामने अचानक एक सांड बाइक के सामने आ गया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सांड से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद परदेश यादव को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल चंद्रमा राजभर को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने मृतक के परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परदेश यादव अपने परिवार में दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी प्रीति तथा 12 और 9 वर्ष की दो बेटियां हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

उप निरीक्षक आर.पी. दुबे ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।