Today Breaking News

गाजीपुर में लूट का विरोध करने पर मामा-भांजे को पीटा, रुपये छीनने की कोशिश

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शनिार रात कोतवाली थाना क्षेत्र में लूट का विरोध करना मामा-भांजे को भारी पड़ गया। एक युवक ने पहले 22 हजार रुपए से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की। लोहे के पलटे से हमला कर दिया, जिससे आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 1 अगस्त की रात करीब 8 बजे सुखदेवपुर चौराहे के पास शराब ठेके के निकट हुई। खोजापुर (पोस्ट फदनपुर) निवासी विशाल यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई सर्वेश यादव (43) और भांजे अजीत यादव (30) बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान फूलपुर निवासी अतुल यादव ने उनका बैग पकड़ लिया और उसमें रखे 22 हजार रुपये छीनने का प्रयास किया।

तहरीर के अनुसार, जब सर्वेश और अजीत ने विरोध किया तो आरोपी ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी फिर मौके पर पहुंच गया और दोबारा हमला कर दिया।

आरोप है कि आरोपी ने पास की चाउमीन की दुकान से लोहे का पलटा उठाकर सर्वेश यादव की दाहिनी आंख पर वार कर दिया। हमले में उनकी आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके अलावा सिर, हाथ और सीने में भी चोटें आईं तथा हाथ टूटने की आशंका जताई गई है। वहीं अजीत यादव के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के दौरान अजीत यादव ने परिजनों को फोन कर जानकारी दी और तत्काल 112 पर पुलिस को सूचना दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने रविवार दोपहर करीब 12 बजे विशाल यादव की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी अतुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेजा जा रहा है।