गाजीपुर में बहू ने ससुर पर छेड़छाड़ और मारपीट का लगाया आरोप, केस दर्ज
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुर पर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि महिला ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके ससुर भीष्म सिंह की नीयत ठीक नहीं है और वे मौका मिलने पर उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं।
महिला का आरोप है कि 31 जुलाई की शाम करीब तीन बजे वह अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। इसी दौरान ससुर ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उसके कपड़े भी फाड़ दिए।
पीड़िता के अनुसार, शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी, हाथ पकड़कर घर से बाहर निकाल दिया और दरवाजे पर ताला लगा दिया।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी भीष्म सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
