गाजीपुर में कांवड़ियों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, नौ श्रद्धालु घायल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जमानियां क्षेत्र में ढढ़नी-मलसा मार्ग पर रामपुर मिल्की गांव के पास गुरुवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन में सवार नौ श्रद्धालु घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पिकअप में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया।
पिकाप सुहवल थाना के सरैया गांव से कांवड़ियों को लेकर दिलदारनगर रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थी। रामपुर मिल्की गांव के पास पहुंचने पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। तेज रफ्तार के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना में किसमतिया देवी (45), टप्पू (25), रामप्रयारे (55), जयकुमार (45), इनरी देवी (42), उषा (50), रविंद्र (55), रमेश (30) और लकी (10) घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
थाना प्रभारी कमलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पिकअप के तेज गति से चलने के दौरान अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से जल्द ही सामान्य कर दिया गया।
