Today Breaking News

गाजीपुर में घास काटने गई किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शव रखकर लगाया जाम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में पहराजपुर स्थित राजभर बस्ती में किशोरी आंचल राजभर की संदिग्ध मौत के बाद बुधवार शाम हालात तनावपूर्ण हो गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, पुलिस वाहनों पर पथराव किया और शव को सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक जाम लगाया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दो विशेष टीमें गठित की हैं।
परिजनों के मुताबिक, आंचल राजभर बुधवार शाम गांव की चार अन्य लड़कियों के साथ उत्तरांव गांव की ओर घास काटने गई थी। इसी दौरान कथित रूप से कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद हो गया। मृतका के दादा शोभा राजभर ने आरोप लगाया कि उत्तरांव निवासी स्वामीनाथ यादव, उनके पुत्र अनीश यादव और एक महिला ने लाठी-डंडों से हमला किया, जिससे आंचल की मौके पर ही मौत हो गई।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद आरोपियों ने आंचल के शव को टूटे हुए बिजली के तार पर रख दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

सीओ मुहम्मदाबाद सुधाकर पांडेय ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जबकि कई स्थानों पर झुलसने के निशान पाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। आक्रोशित लोगों ने थाना प्रभारी राजनारायण की गाड़ी रोक दी। हालात बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इस दौरान सीओ मुहम्मदाबाद और थाना अध्यक्ष बरेसर की गाड़ियों पर पथराव किया गया, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए।

रात करीब आठ बजे ग्रामीणों ने आंचल के शव को लट्ठूडीह-रसड़ा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। उपजिलाधिकारी, दोनों क्षेत्राधिकारियों और कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद रात लगभग 11 बजे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।