गाजीपुर में कटरा गैंग सरगना समेत 7 पर FIR, 2023 की घटना का भी जिक्र
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में होटल बिंदु के मालिक आलोक राय उर्फ डबलू राय ने अपने बेटे विनीत राय उर्फ हनी की हत्या के मामले में शहर कोतवाली में एक और मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने कटरा गैंग डी-63 के सरगना रामनरेश राय और गोड़ा ग्राम प्रधानपति संजय बिंद समेत सात लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह मुकदमा शनिवार रात 9:22 बजे दर्ज किया गया।
तहरीर में वर्ष 2023 की एक घटना का भी जिक्र है। आलोक राय ने आरोप लगाया है कि 27 दिसंबर 2023 को कटरा गैंग से जुड़े बदमाश उनके होटल के लाइसेंसी बार में घुस गए थे। उन्होंने असलहे के दम पर मैनेजर को धमकाया और हजारों रुपये की बीयर व शराब ले गए।
आलोक राय के अनुसार, उन्होंने इस घटना की जानकारी तत्कालीन शहर कोतवाल को दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कार्रवाई न होने से गैंग से जुड़े बदमाशों का मनोबल बढ़ गया।
इसके बाद 28/29 मई की रात उनके बेटे विनीत राय उर्फ हनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आलोक राय ने रामनरेश राय, संजय बिंद समेत अन्य लोगों पर हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रामनरेश राय, संजय बिंद, कमलेश बिंद, सुमित पांडेय उर्फ टुन्नी, रहमान उर्फ गोल्डेन, सौरभ तिवारी और शिवम दूबे के खिलाफ बीएनएस की धारा 147, 504, 506, 120बी और 384 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
