गाजीपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत पांच मनचले पकड़े, चेतावनी देकर छोड़ा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जिले के जमानियां में शुक्रवार को पर्व के मद्देनजर महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति टीम ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने पांच मनचलों को पकड़ा और चेतावनी देकर छोड़ दिया।
यह अभियान क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों और मोहल्लों सहित करीब एक दर्जन भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चलाया गया। पुलिसकर्मी वर्दी और सादे कपड़ों में तैनात रहे, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के दौरान पांच मनचलों को बेवजह घूमते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत देकर आवश्यक कार्रवाई के बाद छोड़ दिया। पुलिस के इस सख्त रुख से मनचलों में हड़कंप मच गया, वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की।
मिशन शक्ति टीम ने अभियान के दौरान महिलाओं और युवतियों को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। टीम ने पंपलेट वितरित कर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी, ताकि विषम परिस्थितियों में तत्काल सहायता मिल सके।
मिशन शक्ति टीम प्रभारी उपनिरीक्षक वीरेंद्र राय ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें अपने अधिकारों व सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान वूमेन हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, अग्निशमन सेवा 101, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।
इस अभियान में कांस्टेबल राजेंद्र पांडेय, महिला कांस्टेबल अंजलि और अनुराधा सहित मिशन शक्ति टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
