Today Breaking News

गाजीपुर में भूमि विवाद में घर में घुसकर मां-बेटी से मारपीट, तोड़फोड़; FIR दर्ज

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के गहमर कोतवाली थाना क्षेत्र के मनिया गांव में भूमि विवाद को लेकर एक घर में घुसकर मां-बेटी से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को पीड़ित महिला की शिकायत पर गांव की ही दो महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मनिया गांव निवासी जहनारा खातून पत्नी इश्तखार खां का गांव के कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते मंगलवार सुबह करीब 9 बजे पड़ोसी समीउन नीशा पत्नी तौहीद खां और शाहीबा खातून पुत्री तौहीद खां ने जहनारा के घर की दीवार गिरा दी।

इसके बाद वे घर में घुस गईं और जहनारा खातून व उनकी बेटी सबरीन खातून को ईंटों और लात-घूंसों से पीटा। इस हमले में जहनारा को गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी बेटी सबरीन के दो दांत टूट गए और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।

प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है और आगे की छानबीन जारी है।