Today Breaking News

गाजीपुर में स्कूल जा रही छात्रा से छेड़खानी, दो आरोपी गिरफ्तार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के सादात में उदंती नदी पुल पर साइकिल से स्कूल जा रही छात्राओं से कुछ युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद एक आरोपी को ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। इस घटना से आक्रोशित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, बहरियाबाद थाना क्षेत्र की एक छात्रा अपनी सहेलियों के साथ बापू इंटर कॉलेज, सादात जा रही थी। छात्रा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि टांडा गांव निवासी नीलेश (पुत्र अनिल राम) और मजुई निवासी प्रदीप चौहान (पुत्र अमिन्द्र चौहान) ने अपने एक साथी के साथ मिलकर उदंती नदी पुल पर उनकी साइकिल रोककर छेड़खानी की। विरोध करने पर उन्हें जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।

छात्रा ने यह भी बताया कि पिछले कई दिनों से स्कूल जाते समय कुछ शरारती तत्व उन पर छींटाकसी करते थे, लेकिन लोकलाज के कारण वह चुप रहती थी। घटना की सूचना मिलने पर बापू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और शिक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने भाग रहे आरोपियों में से एक को पकड़ लिया।

बाद में बापू इंटर कॉलेज, समता इंटर कॉलेज और गोविंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्यों व शिक्षकों ने थाने पहुंचकर छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

सादात और बहरियाबाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। छात्रा की तहरीर पर शनिवार शाम को दो नामजद और एक अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि नामजद आरोपी नीलेश और प्रदीप चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके एक अन्य साथी बृजेश की तलाश जारी है। थानाध्यक्ष ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।