Today Breaking News

रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए बस सेवा मुफ्त, एक साथी भी फ्री सफर कर सकेगा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए यूपी की माताओं, बहनों और बेटियों को मुफ्त बस यात्रा का विशेष उपहार दिया। जिसके चलते अब 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक UPSRTC की बसों में महिला यात्री अपने एक सहयोगी के साथ नि:शुल्क सफर कर सकेंगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने त्योहारों की सुरक्षा, महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड की सक्रियता, बाढ़-जलभराव से निपटने और जनसुविधाओं को शीर्ष प्राथमिकता पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस चालकों की जांच और निगरानी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति न दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने निजी बसों के चालकों का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। सीएम योगी ने बैठक में कहा कि ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन सुनिश्चित करते हुए महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएं। परिवहन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय से यह सुनिश्चित करें कि रक्षाबंधन पर यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन मिल सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में प्रदेश के अलग-अलग मंडलों और जिलों में जलभराव की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर और गाजियाबाद के मंडलायुक्तों व नोएडा प्राधिकरण से जलभराव वाले क्षेत्रों और उसके कारणों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहीं भी अनावश्यक जलभराव नहीं होना चाहिए। लो-लैंड क्षेत्रों को चिह्नित कर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पम्पिंग स्टेशन स्थापित किए जाएं। जिन नालों में सिल्ट, कूड़ा या किसी अन्य कारण से पानी की निकासी बाधित है, उनकी तत्काल सफाई कराई जाए।

भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर FIR के आदेश
बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अगले छह माह की जरूरत के अनुसार चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने अधिकारियों को कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। वहीं, स्कूलों को लेकर भ्रामक वीडियो प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है। बैठक में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा सहित शासन व जिलों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।