Today Breaking News

गाजीपुर में स्कूली छात्रों पर फायरिंग, एक घायल

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे 15 अगस्त के स्कूल कार्यक्रम के बाद ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर गए स्कूली छात्रों पर बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में रोहित सिंह घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि हमलावर उसे करीब सात किलोमीटर दूर पिहुली ले गए और एक बगीचे में मारपीट की। पुलिस ने एक राउंड फायरिंग की पुष्टि की है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे छात्रों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा मामला बताया है।

परिजनों के अनुसार, 15 अगस्त के स्कूल कार्यक्रम के बाद रोहित और उसका साथी आदित्य उर्फ झब्बर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर तस्वीरें लेने गए थे। इसी दौरान ताजपुर की तरफ से बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने दोनों छात्रों का पीछा किया और उन पर फायरिंग कर दी।

परिजनों का कहना है कि पहली गोली से दोनों छात्र बाल-बाल बच गए। इसके बाद दोबारा फायरिंग की गई, जिससे घबराकर छात्रों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। आदित्य मौके से भाग निकला, जबकि रोहित वहीं गिर गया।

परिजनों का आरोप है कि बाइक सवार युवक रोहित को अपने साथ पिहुली की तरफ ले गए। करीब सात किलोमीटर दूर पानी की टंकी के पास बाइक खड़ी करने के बाद उसे करीब 600 मीटर दूर एक बगीचे में ले जाया गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई। इससे रोहित की पीठ और चेहरे पर चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग बताए गए स्थान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी रोहित को छोड़कर भाग गए। पुलिस रोहित को थाने लेकर आई और उससे पूछताछ की। उसकी बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

स्थानीय लोगों और परिजनों की ओर से कुछ युवकों के महाकाल गैंग से जुड़े होने का दावा किया गया है। वहीं, आदित्य उर्फ झब्बर के राधे गैंग से जुड़े होने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।

करीमुद्दीनपुर थानाध्यक्ष राज नारायण सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला स्कूली छात्रों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा सामने आया है। घटना में एक राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है।

परिजनों की तहरीर मिल गई है और मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल युवकों और उनकी बाइक की तलाश व जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष ने कहा कि अभी तक सामने आए तथ्यों के आधार पर इसे गैंगवार नहीं कहा जा सकता। घटना की आधिकारिक पुष्टि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे की गई।