गाजीपुर में पूर्वांचल-एक्सप्रेसवे हादसे में मृतक कर्मी के परिवार को मिली ₹5.01 लाख आर्थिक मदद
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले कोरल पेट्रोलिंग गश्ती दल के कर्मचारी पवन कुशवाहा के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कोरल एंड शिवा कंपनी और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कार्यरत टोल कर्मचारियों के सहयोग से मृतक की पत्नी रूबी कुशवाहा को ₹5,01,112 (पांच लाख एक हजार एक सौ बारह रुपये) की सहायता राशि सौंपी गई। कंपनी ने परिवार के एक सदस्य को नौकरी और बीमा लाभ देने की भी घोषणा की है।
पवन कुशवाहा की मृत्यु 21 जुलाई मंगलवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 310 किलोमीटर प्वाइंट पर ड्यूटी के दौरान हुई थी। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनके गश्ती वाहन को टक्कर मार दी थी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में उनके साथी भानु प्रताप सिंह को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
कोरल एंड शिवा कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि सहायता राशि के अतिरिक्त, मृतक के परिवार को पीएफ, ईएसआई (ESI) इंश्योरेंस क्लेम सहित सभी नियमानुसार देय लाभ दिए जाएंगे। इसके साथ ही, परिवार के एक योग्य सदस्य को कंपनी में नौकरी प्रदान करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
सहायता राशि सौंपते समय कंपनी के एजीएम मनोज यादव, जीएम प्रमोद यादव, मरदह के मैनेजर मुकेश कुमार, कमलेश सिंह, विजेंद्र सिंह, अकाउंटेंट मनीष, रामलाल और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
