Today Breaking News

गाजीपुर में बारिश के बाद लौटी तेज धूप, बादल आए पर बरसे नहीं

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में गुरुवार की बारिश के बाद लोगों को मौसम में राहत की उम्मीद थी, लेकिन शुक्रवार को सुबह से निकली तेज धूप ने उमस भरी गर्मी को और बढ़ा दिया।
बारिश के बाद नमी बढ़ने से लोग दिनभर चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे। बाजारों में खरीदारी और जरूरी काम से निकले लोगों को धूप और उमस दोनों का सामना करना पड़ा।

सुबह से ही तेज धूप का असर दिखाई देने लगा। स्कूली छात्राएं, महिलाएं और राहगीर छतरी लेकर निकलते नजर आए। दोपहर तक दिलदारनगर बाजार की सड़कों पर धूप का प्रभाव साफ दिखा और लोग छांव की तलाश करते रहे।

दिन में कुछ समय के लिए आसमान में बादल छाए, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद जगी और थोड़ी राहत महसूस हुई। हालांकि, यह राहत ज्यादा देर नहीं रही और बादल जल्द ही छंट गए। इसके बाद फिर तेज धूप निकल आई और उमस बढ़ गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद तापमान कम होने की उम्मीद थी, लेकिन उमस ने परेशानी बढ़ा दी है। मौसम के लगातार बदलते मिजाज के कारण लोग राहत भरी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में गर्मी और नमी का मिला-जुला असर बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।