Today Breaking News

मऊ में शहजादी ने प्रेमी से कराई अपने दूसरे प्रेमी की हत्या, 5 बच्चों की मां समेत 2 गिरफ्तार, एक फरार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के काशीराम आवास में एक युवक की हत्या का अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि काशीराम कॉलोनी से एक महिला ने सूचना दी थी कि उसके पति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने जब मामले की गहन विवेचना की तो सामने आया कि मृतक महिला का पति नहीं, बल्कि उसका प्रेमी था।
जांच में खुलासा हुआ कि महिला शहजादी ने अपने दूसरे प्रेमी आकाश राव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने इस मामले में शहजादी और उसके सहयोगी सूरज राजभर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आकाश राव अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, शहजादी का मृतक और आकाश राव दोनों से संबंध थे। मृतक लगातार शहजादी को आकाश राव से दूरी बनाने के लिए कहता था, जिससे दोनों के बीच विवाद रहता था। घटना वाले दिन जब मृतक सो रहा था, तब शहजादी ने आकाश राव को बुलाया और उस पर चाकू से हमला कराकर उसकी हत्या करवा दी। जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की वारदात में सूरज राजभर की भी भूमिका थी।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि फरार आरोपी आकाश राव थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और अवैध असलहा रखने समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच का उद्देश्य किसी महिला के निजी जीवन या चरित्र पर टिप्पणी करना नहीं, बल्कि हत्या के कारणों का पता लगाना था। विवेचना में यह स्पष्ट हुआ कि प्रेम संबंधों को लेकर चल रहे विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। इसी आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, शहजादी शादीशुदा है और उसके पांच बच्चे हैं।