Today Breaking News

गाजीपुर में परिवार में कलह से परेशान महिला ने गंगा में लगाई छलांग, पुलिस ने नाविकों की मदद से बचाया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. शहर कोतवाली क्षेत्र के हमीद सेतु पर बुधवार दोपहर करीब 3 बजे एक विवाहिता ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर गंगा नदी में छलांग लगा दी। लगभग 30 वर्षीय महिला के नदी में कूदते ही पुल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही रजागंज चौकी इंचार्ज अभिनव गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय नाविकों और मछुआरों की सहायता से तुरंत गंगा में महिला की तलाश शुरू की। तेज धारा के बावजूद काफी प्रयासों के बाद महिला को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के बेतपुरवा निवासी नीतू बिंद (लगभग 30 वर्ष) पत्नी मुकेश बिंद के रूप में हुई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला ने पारिवारिक कलह के कारण यह कदम उठाया था। पुलिस ने महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की आगे की जांच कर रही है। रजागंज चौकी इंचार्ज अभिनव गुप्ता ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सहायता से महिला की जान बचाई जा सकी। उसकी हालत अब सुरक्षित बताई जा रही है।