Today Breaking News

गाजीपुर में बाढ़ के पानी के बीच जारी है आवाजाही

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। किसानों को अपनी फसलें बर्बाद होने का डर सता रहा है। वहीं, रामपुर गांव के लोगों के सामने आने-जाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
रामपुर की ओर जाने वाले रास्ते पर कमर तक बाढ़ का पानी भर गया है। इसके बावजूद लोगों का आना-जाना पूरी तरह बंद नहीं हुआ है। जरूरी कामों के लिए लोग जोखिम उठाकर पानी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है। रामपुर जाने वाले रास्ते पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। कई जगहों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं और लगातार गश्त कर हालात पर नजर रख रहे हैं।

रामपुर की तरफ से आ रहे कुछ लोगों ने बताया कि रिश्तेदारी और दूसरे जरूरी कामों के कारण उन्हें मजबूरी में इस रास्ते से आना-जाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अगर बहुत जरूरी काम न होता तो वे घर से बाहर नहीं निकलते। ग्रामीणों के मुताबिक, रामपुर गांव के हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। गंगा नदी का बढ़ता जलस्तर और रेवतीपुर भागड़ से आ रहा बाढ़ का पानी गांव को चारों तरफ से घेर रहा है।

शिक्षक और किसान ज्ञानेंद्र राय उर्फ छोटू गुरु जी ने बताया कि वह पिछले करीब 10 सालों से केले की खेती कर रहे हैं। उन्हें कई बार प्राकृतिक आपदाओं के कारण नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस बार गंगा का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा कि फसल बचाने की तैयारी के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया।

ज्ञानेंद्र राय ने बताया कि केले की फसल अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुई थी। लेकिन बाढ़ के डर से अब उसे जल्दी काटकर औने-पौने दाम पर बेचना पड़ रहा है। बढ़ते पानी के कारण रामपुर और आसपास के किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।