Today Breaking News

गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर ओवरब्रिज से दुल्लहपुर में जाम से मिलेगी निजात, SDM ने निरीक्षण किया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के दुल्लहपुर बाजार को जल्द ही रोज के भयंकर ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा। गाजीपुर-आजमगढ़ राजमार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 11 (स्पेशल) पर ओवरब्रिज (ROB) बनाने की प्रक्रिया आखिरी दौर में है। वाराणसी ओवरब्रिज कॉरपोरेशन और लोक निर्माण विभाग (PWD) के शुरुआती सर्वे के बाद अब स्थानीय प्रशासन ने तेजी से काम शुरू कर दिया है।
उपजिलाधिकारी (SDM) अतुल कुमार और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रामकृष्ण तिवारी ने अपनी टीम के साथ बंद रेलवे क्रॉसिंग संख्या 11 का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने ओवरब्रिज के निर्माण क्षेत्र के मानकों, सीमांकन और आसपास हुए अवैध अतिक्रमण की जांच की।

उन्होंने मौके पर मौजूद लेखपाल सौरभ सिंह को तुरंत एक विस्तृत और सही रिपोर्ट बनाने का निर्देश दिया। इससे पहले लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता (AE) अनुराग यादव भी इलाके का जायजा ले चुके हैं।

ओवरब्रिज बनने की खबर और प्रशासनिक कार्रवाई से दुल्लहपुर के व्यापारियों में खलबली है। एक तरफ उन्हें सालों पुराने जाम से छुटकारा मिलने की खुशी है, वहीं दूसरी तरफ रोजी-रोटी छिनने का डर भी सता रहा है।

मानकों के दायरे में आ रही दुकानों और निर्माणों को लेकर दुकानदार असमंजस में हैं। कई व्यापारियों को अपने पुराने प्रतिष्ठान टूटने और कारोबार पर असर पड़ने की चिंता है।

जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर दूर यह क्रॉसिंग गाजीपुर और आजमगढ़ को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। ट्रेन निकलने पर फाटक बंद होने से दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइनें लग जाती थीं। इससे एम्बुलेंस और आम लोगों का घंटों समय बर्बाद होता था।

ओवरब्रिज बनने से पूर्वांचल की रफ्तार बढ़ेगी और हजारों लोगों का सफर आसान और सुरक्षित हो जाएगा।