Today Breaking News

गाजीपुर में पंचायत ने बचाया टूटता रिश्ता, पूर्व चेयरमैन अरुण कुमार सिंह ‘नेता जी’ ने बेटी को हंसी-खुशी ससुराल भेजा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पारिवारिक विवाद के चलते अलगाव की कगार पर पहुंच चुके दंपती का रिश्ता रविवार को एक अनूठी पंचायत के बाद फिर जुड़ गया। नारी पचदेवरा स्थित मां दुर्गा आश्रम परिसर में जिला सहकारी बैंक गाजीपुर के पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ‘नेता जी’ ने दोनों पक्षों के बीच करीब चार घंटे तक चली मैराथन वार्ता में मध्यस्थता की। उन्होंने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए दोनों परिवारों के बीच गिले-शिकवे दूर कराए और आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया।
जानकारी के अनुसार, सैदपुर क्षेत्र के हिरामनपुर निवासी योगेश्वर गुप्ता की बेटी निधि गुप्ता की शादी नवंबर 2023 में मरदह थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुरा निवासी डॉ. श्याम सुंदर गुप्ता से हुई थी। शादी के करीब छह महीने बाद दंपती के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों के अलग होने की नौबत आ गई और विवाद मुकदमों तक पहुंच गया। रिश्तेदारों और स्थानीय स्तर पर कई प्रयासों के बावजूद समाधान नहीं हो सका।

इसी बीच हिरामनपुर निवासी चंद्रदीप पाल ने पूर्व अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह को मामले की जानकारी देकर मध्यस्थता का आग्रह किया। दोनों परिवारों का व्यवसाय और रोजगार मुंबई में है। मामले की जानकारी मिलते ही अरुण सिंह ने दोनों पक्षों को अपने पैतृक गांव नारी पचदेवरा बुलाया।

करीब चार घंटे की बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। इसके बाद अरुण सिंह ने लड़की के पिता की भूमिका निभाते हुए निधि गुप्ता, उसकी माता और दो वर्षीय मासूम बच्चे को हंसी-खुशी ससुराल पक्ष के साथ विदा किया। इस भावुक पल के दौरान मौजूद लोगों ने इसे सामाजिक स्तर पर रिश्ते बचाने की मिसाल बताया।

इस अवसर पर उदय प्रताप सिंह समेत गांव के कई गणमान्य नागरिक और दोनों पक्षों के दर्जनों लोग मौजूद रहे।