गाजीपुर के बद्धूपुर में विशाल इमली का पेड़ गिरा, गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग पर आवागमन ठप, बिजली के खंभे टूटे
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. लगातार हो रही आंधी और बारिश के बीच गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग NH-67 के बद्दूपुर गांव में सड़क के बीच शनिवार को दिन में ही एक बड़ा इमली का पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। पेड़ गिरने से बिजली के तीन खंभे भी टूट गए, जिससे इलाके में बिजली सप्लाई पर असर पड़ा। हालांकि किसी व्यक्ति विशेष या राहगीर को कोई नुकसान नहीं हुआ।
पेड़ काफी बड़ा था, जिसकी डालियां और मोटा तना सड़क के बड़े हिस्से में फैल गया। आवागमन बंद होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई लोग रास्ता साफ होने का इंतजार करते दिखे।
हालात देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने मिलकर पेड़ की डालियों को काटकर सड़क से हटाना शुरू किया। ग्रामीण जल्द से जल्द रास्ता साफ करने में लगे रहे, ताकि वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो सके।
ग्रामीणों ने विभाग से टूटे बिजली के खंभों को जल्द हटाने और उसकी मरम्मत कर बिजली व्यवस्था ठीक कराने की मांग की है।
