Today Breaking News

गाजीपुर गंगा नदी में दो सगी बहनें डूबी, तलाश जारी; बचाने उतरी बड़ी बहन भी डूबी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के चोचकपुर स्थित मौनी बाबा घाट पर मंगलवार को दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में पैर धोते समय 14 वर्षीय महिमा सिंह का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगी। उसे बचाने के प्रयास में उसकी 16 वर्षीय बड़ी बहन माही सिंह भी नदी में उतर गईं और दोनों गहरे पानी में डूब गईं। हादसे के बाद से स्थानीय प्रशासन और गोताखोर दोनों बहनों की तलाश में जुटे हैं।
दर्शन के बाद घाट पर गई थीं दोनों बहनें बसंतपट्टी गांव निवासी मदनसेन सिंह की चार बेटियां हाल ही में दिल्ली से गांव आई थीं। मंगलवार को माही और महिमा परिवार को बताकर मौनी बाबा मंदिर में दर्शन करने गई थीं। पूजा के बाद दोनों घाट पर पैर धोने पहुंचीं।

छोटी बहन का पैर फिसला घाट पर पैर धोते समय अचानक महिमा का पैर फिसल गया। गंगा में तेज बहाव होने के कारण वह गहरे पानी में चली गई। बड़ी बहन माही ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह भी तेज धारा की चपेट में आ गई।

गोताखोरों की मदद से तलाश जारी घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोर मौके पर पहुंचे। दोनों बहनों की तलाश शुरू की गई, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल सका है। परिवार के लोग भी घाट पर मौजूद हैं और दोनों के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

घर में मचा कोहराम माही और महिमा की नदी में डूबने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चला रही है।