Today Breaking News

गाजीपुर में ट्रेन से गिरकर युवक की मौत, शिनाख्त जारी

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के गहमर रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास मंगलवार शाम एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। युवक का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गहमर रेलवे स्टेशन के पास शराब भट्ठी के पास हुई। पोल संख्या 681/8 और 681/10 के बीच युवक चलती ट्रेन से नीचे गिर गया था। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शरीर काफी क्षत-विक्षत हो गया।

जीआरपी ने शव मिलने के बाद जांच शुरू की। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतक की उम्र करीब 25 से 30 साल बताई जा रही है। उसने नीले रंग की जींस और नीले रंग की शर्ट पहन रखी थी।

जीआरपी शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही उसकी पहचान के प्रयास कर रही है। घटना की जानकारी आसपास के थानों को भी दी गई है, ताकि युवक की पहचान हो सके।