Today Breaking News

गाजीपुर में गंगा खतरे के निशान से ऊपर,152 बाढ़ चौकियां और 46 शरणालय तैयार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में बुधवार सुबह गंगा नदी ने खतरे का निशान पार कर लिया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 63.350 मीटर था, जबकि खतरे का निशान 63.105 मीटर है। गंगा खतरे के निशान से 24 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है।
नदी का पानी अभी भी बढ़ रहा है। करीब दो घंटे में एक सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिले की पांच तहसीलों के निचले इलाकों में बाढ़ का असर पहुंचने की आशंका है।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जिले में 152 बाढ़ चौकियां और 46 बाढ़ शरणालय शुरू कर दिए गए हैं। राहत और बचाव के लिए 229 नावें भी लगाई गई हैं।

इसके साथ ही पीएसी की टीमें भी तैनात की गई हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत किट तैयार हैं और शरणालयों में खाने-पीने का इंतजाम भी कर लिया गया है। प्रशासन ने गंगा किनारे के निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सिर्फ प्रशासनिक सूचनाओं पर भरोसा करें। बच्चों, बुजुर्गों, पशुओं और विशेष देखभाल वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित ऊंचे स्थान या बाढ़ शरणालय में पहुंचाने के लिए कहा गया है।

प्रशासन ने बाढ़ के पानी में बच्चों को जाने और नहाने से रोकने की सलाह दी है। लोगों से बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने तथा बाढ़ के पानी में वाहन नहीं चलाने को कहा गया है। तेज बहाव के पास सेल्फी लेने या तैरने का प्रयास नहीं करने की भी चेतावनी दी गई है। नावों में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक है। प्रत्येक नाव में लाइफ जैकेट और लाइफ रिंग रखना और जरूरत के समय उसका इस्तेमाल करना अनिवार्य किया गया है।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें फोन
जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष 0548-2224041 या 112
सदर तहसील 0548-2221334
सैदपुर 05495-222050
मानियां 05497-25207
जखनियां 9454417089, 8739057296,
मुहम्मदाबाद 05493-242006
कासिमाबाद 05493-252015
सेवराई 05497-297597