Today Breaking News

गाजीपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सेब से भरा ट्रक पलटा, चालक और सहचालक सुरक्षित

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार को मरदह थाना क्षेत्र के हैदरगंज गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहां सामने जा रहे एक वाहन को बचाने के चक्कर में सेब से लदा एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक को काफी नुकसान हुआ और उस पर लदी हजारों सेब की पेटियां फट गईं, जिससे सड़क किनारे गड्ढों में बड़ी मात्रा में सेब बिखर गए।
यह घटना किलोमीटर संख्या 295 पर हुई। जानकारी के अनुसार, ट्रक जम्मू-कश्मीर से सेब लेकर बिहार के पटना जा रहा था। ट्रक चालक यशीर, जो जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है, ने बताया कि अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक में करीब एक हजार पेटियों में सेब लदा हुआ था।

हादसे के बाद ट्रक चालक यशीर और सहचालक फैजान सुरक्षित बच गए। हालांकि, ट्रक पलटने से कई सेब की पेटियां टूटकर फट गईं और उनमें भरे सेब सड़क पर बिखर गए, जिससे काफी नुकसान हुआ।

घटना की खबर मिलते ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाने का काम शुरू किया। वहीं, एक्सप्रेसवे के किनारे गड्ढों में सैकड़ों पेटियों के सेब बिखरे पड़े रहे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।