Today Breaking News

गाजीपुर में आधे घंटे की तेज बारिश ने खोली शहर की जल निकासी की पोल, कई इलाके जलमग्न

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक मौसम बदलने से तेज बारिश हुई। लगभग आधे घंटे तक हुई इस बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। रायफल क्लब की सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे परिसर में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के पहिए भी पानी में समा गए।
तेज बारिश के कारण रायफल क्लब परिसर के अलावा तहसीलदार कार्यालय, जिला पूर्ति कार्यालय, जिला खाद्य विपणन विभाग और जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के परिसर भी जलमग्न हो गए। कार्यालयों के आसपास पानी भरने से कर्मचारियों और वहां आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहर के कई प्रमुख रास्ते भी बारिश के पानी में डूब गए। तहसीलदार कार्यालय के पीछे शास्त्रीनगर कॉलोनी जाने वाला मार्ग, ददरीघाट जाने वाला रास्ता और महुआबाग से महिला डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया। इसके अतिरिक्त, एसबीआई बैंक के सामने मिश्र बाजार की सड़क भी पानी से लबालब हो गई।

करीब आधे घंटे की इस बारिश में शहर के प्रमुख मार्गों और सरकारी परिसरों में हुए जलभराव ने नगर की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर बार इन इलाकों में जलभराव की स्थिति बनती है, लेकिन इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।