Today Breaking News

गाजीपुर में बारिश से सड़कें बनीं तालाब, कई इलाकों में लगा जाम

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में शनिवार सुबह करीब 10:50 बजे शुरू हुई तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। लगभग 40 मिनट तक हुई बारिश से रजदेपुर के खोवा मंडी से चंदनगर होते हुए जल निगम रोड तक पानी भर गया। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों को भी इस जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
चंदनगर की ओर जाने वाले रास्ते पर कई जगह भारी जलजमाव हो गया। हालात ऐसे थे कि सड़क किनारे बने एक मकान के अंदर तक पानी पहुंच गया। इससे लोगों को घर से बाहर निकलने और आने-जाने में काफी परेशानी हुई।

शहर के दूसरे इलाकों में भी बारिश का असर दिखा। विशेश्वरगंज, मिश्रा बाजार, महुआबाग, सकलेनाबाद और लंका स्टेशन की ओर जाने वाले रास्तों पर कई जगह पानी जमा हो गया। सड़क पर पानी भरने से वाहन धीमी रफ्तार से चलते रहे।

करीब 11:30 बजे बारिश धीमी होने के बाद जब लोग अपने काम के लिए निकले, तो कई मुख्य रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जलजमाव और यातायात का दबाव बढ़ने से राहगीरों को काफी दिक्कत हुई।

स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि थोड़ी देर की तेज बारिश में ही शहर की सड़कों पर पानी भर जाना जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने जलभराव वाले स्थानों पर पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।