गाजीपुर में फोरलेन पर ट्रेलर ने मैजिक को मारी टक्कर, ड्राइवर बाल-बाल बचा
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र में गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन मार्ग पर रविवार शाम करीब 4 बजे हादसा हो गया। हैदरगंज गांव के सामने मऊ से इलेक्ट्रॉनिक सामान की डिलीवरी देकर लौट रही मालवाहक टाटा मैजिक में पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन का शीशा टूट गया और अगला दरवाजा भी अलग हो गया। टक्कर के बाद मैजिक डिवाइडर से जा टकराई और वहीं रुक गई।
मैजिक चालक धर्मेंद्र जंगीपुर का रहने वाला है। उसने बताया कि वह अपनी लेन में सही दिशा में जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रेलर ने तेज गति से ओवरटेक करने की कोशिश में उसकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मैजिक और उसमें लदे इलेक्ट्रॉनिक सामान को करीब 50 हजार रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। क्षतिग्रस्त मैजिक मुख्य मार्ग पर खड़ी होने के कारण फोरलेन पर यातायात प्रभावित हुआ और कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
मरदह थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें अभी हादसे की जानकारी नहीं मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
