Today Breaking News

ओमप्रकाश राजभर बोले- अखिलेश यादव P से पहली बार, D से दूसरी बार, A से अबकी बार, 2027 में भी हारेंगे

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव 'P से पागल' वाले बयान पर पलटवार किया। राजभर ने PDA का नया मतलब बताया। उन्होंने कहा, “P से पहली बार, D से दूसरी बार और A से अबकी बार। 2017 में पहली बार हारे, 2022 में दूसरी बार हारे और अबकी बार 2027 में हारेंगे।”
राजभर ने सपा के लाल रंग पर भी तंज कसा। कहा- अखिलेश को अपनी टोपी का रंग नीला कर लेना चाहिए। राजभर ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उन्होंने राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना बनाई है। इसमें एक लाख लोगों को मौका दिया। इसकी ड्रेस भी नीले रंग की है। राजभर ने दावा किया कि उनकी ये सेना सपा का मुकाबला करने के लिए तैयार है।

मंत्री ओपी राजभर ने सहारनपुर में मस्जिद ढहाने के मामले पर कहा- सरकार ने तो कोर्ट के आदेश का पालन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कोर्ट से नोटिस दिया गया था, तब सपा और कांग्रेस को चिंता नहीं थी। लेकिन अब कार्रवाई के बाद वहां फातिया पढ़ने जाने की बात कही जा रही। मौके पर मिले पुराने कुएं को लेकर राजभर ने कहा- जांच की जा रही है कि इतना बड़ा और पुराना कुआं वहां कैसे मौजूद था। उसके बाद भी वहां मस्जिद कैसे बनी। उन्होंने कहा कि पहले मंदिरों के आसपास कुएं होने की परंपरा रही है। अब जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

मंत्री ओपी राजभर ने शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों पर भी बात की। उन्होंने कहा सरकार सभी के हितों का ध्यान रखना चाहती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मंगलवार को अयोध्या से प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं।

राजभर ने कहा कि इस साल नियुक्त हुए लोगों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर 3 से 8 हजार और फिर 12 हजार रुपए किया गया। सहायिकाओं का मानदेय 1500 रुपए से बढ़ाकर 4 हजार और फिर 6 हजार रुपए किया गया है। इसके साथ ही 5 लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा भी दी गई है।