गाजीपुर में पुलिस मुठभेड़ में 2 गो-तस्कर गिरफ्तार, 10 गोवंश बरामद; एक के पैर में लगी गोली
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के नोनहरा थाना क्षेत्र में 27-28 सितंबर की रात पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने अटवा मोड़ पक्का पुल मंदिर के पास एक संदिग्ध डीसीएम को रोकने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, वाहन सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिससे एक आरोपी परमजीत सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे और उसके साथी गुरपंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
डीसीएम से 10 गोवंश बरामद किए गए। मौके से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी परमजीत सिंह (26) और गुरपंत सिंह (25) पंजाब के लुधियाना जिले के रहने वाले हैं। घायल परमजीत सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल गाजीपुर भेजा गया है।
