गाजीपुर में पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान, कई वाहनों के चालान काटे और कुछ सीज किए
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर की रेवतीपुर पुलिस ने सोमवार को यातायात व्यवस्था सुधारने और सड़क सुरक्षा के लिए गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक धर्मदास सिद्धार्थ के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आबिद अली, बृजभूषण दूबे,हेड कांस्टेबल बसंत यादव, संपूर्णानंद, चंद्रजीत,और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
पुलिस टीम ने मुख्य रास्तों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर कागजात और यातायात नियमों की जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई हुई।
बिना आरसी और जरूरी कागजात के वाहन चलाने पर कई गाड़ियों को पुलिस ने सीज किया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कई अन्य वाहन चालकों के चालान भी काटे गए।
अचानक हुई इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सभी को हेलमेट पहनने और दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए। साथ ही साफ किया कि नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं होगी।
प्रभारी निरीक्षक धर्मदास सिद्धार्थ ने वाहन चालकों से नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि आगे भी ऐसे अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
