Today Breaking News

गाजीपुर में विकास भवन के सामने लगे पोस्टर सपा कार्यकर्ताओं ने उतार दिए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी बढ़ गई। सोमवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के खिलाफ लखनऊ, गाजीपुर, मुरादाबाद समेत 10 शहरों में पोस्टर लगाए गए। इनमें अखिलेश के साथ अतीक अहमद, आजम खान, मुख्तार अंसारी और रमाकांत यादव की तस्वीरें छपी हैं।
पोस्टर पर अलग-अलग स्लोगन लिखे हैं- ‘आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार।’ ‘माफिया राज और अखिलेश, लूट लिया था पूरा प्रदेश।’ ‘माफिया के अखिलेश, अखिलेश के माफिया।’ हालांकि, पोस्टर किसने लगवाए हैं, इसका पता नहीं चल पाया है। पोस्टर लगने से सपा कार्यकर्ता नाराज हैं। ज्यादातर शहरों में उन्होंने पोस्टर फाड़ दिए। कहीं पोल पर चढ़कर तो कहीं बड़े डंडों से पोस्टर फाड़ डाले।

सपा प्रवक्ता मोहम्मद आजम ने कहा- भाजपा जनता के बुनियादी मुद्दों पर जवाब देने में असफल है। जनता सवाल पूछ रही कि आपने 10 साल में क्या किया, जिसके आधार पर आपको वोट दिया जाए? इन सवालों का जवाब न देना पड़े, इसलिए भाजपा नेता अनर्गल प्रलाप कर रहे और पोस्टरबाजी कर रहे हैं।

इसी बीच, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा-
अखिलेश ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ बनाए थे। योगी सरकार ने माफियाओं को समाप्त किया है। सपा आएगी तो गुंडे-माफिया फिर शासन पर हावी होंगे। जेल में बंद गुंडों को बाहर निकालकर जनता को आतंकित करेगी।