Today Breaking News

गाजीपुर में स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी ने 115 साल की उम्र में ली अन्तिम सांस, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर के जंगीपुर क्षेत्र के मुबारकपुर काजी गांव की रहने वाली स्वतंत्रता सेनानी शिवनाथ गुप्ता की पत्नी बेचनी देवी का 115 साल की उम्र में निधन हो गया। उनका निधन 19 सितंबर को मुंबई में इलाज के दौरान हुआ। सोमवार को एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया गया।
बेचनी देवी के पोते विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके दादा शिवनाथ गुप्ता स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने आजादी के आंदोलन में हिस्सा लिया था। शिवनाथ गुप्ता का निधन साल 1955 में हो गया था।

बेचनी देवी के बेटे राजा गुप्ता का भी कम उम्र में निधन हो गया था। इसके बाद बेचनी देवी मुंबई में रहकर परिवार की देखभाल कर रही थीं।

तबीयत खराब होने पर बेचनी देवी को इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था। उनका शव गांव पहुंचने पर जखनिया तहसीलदार नीरज चतुर्वेदी ने फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान वर्तमान जिला पंचायत प्रत्याशी सुरेंद्र यादव मास्टर, वर्तमान प्रधान रामअवध यादव, पूर्व प्रधान नंदलाल यादव, राजस्व निरीक्षक महेंद्र राम और क्षेत्रीय लेखपाल समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। ये सभी उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए।

जंगीपुर पुलिस ने स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी के सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया। गाजे-बाजे के साथ उनके पार्थिव शरीर को गाजीपुर श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिवार में दुख का माहौल है।