Today Breaking News

गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से किसान की मौत

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गहमर थाना क्षेत्र के पठकौलिया मौजा में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। किसान धान के खेत में खाद डाल रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। परिजन और ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गहमर गांव के पट्टी भीवराव निवासी अशोक सिंह (60) के रूप में हुई है। मंगलवार को अशोक सिंह पठकौलिया मौजा स्थित अपने खेत में खाद डालने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया।

आसमान में काले बादल छा गए और तेज चमक के साथ बिजली कड़कने लगी। इसी बीच तेज चमक और गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली अशोक सिंह पर गिर गई। बिजली की चपेट में आने से वह खेत में गिरकर बुरी तरह झुलस गए।

आसपास मौजूद ग्रामीणों ने हादसा देखा और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है।