Today Breaking News

माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद गाजीपुर पहुंचे डॉ. प्रमोद मिश्र, बोले- शोषण बर्दाश्त नहीं होगा

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व शिक्षक विधायक डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र सोमवार देर रात गाजीपुर पहुंचे। महराजगंज के पास रात करीब 9 बजे संगठन के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। गाजीपुर और वाराणसी से पहुंचे पदाधिकारियों के साथ सैकड़ों शिक्षकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
स्वागत के बाद डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। किसी भी शिक्षक का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. मिश्र ने शिक्षकों से संगठन में एकता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जायज मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और शिक्षकों का सहयोग जरूरी है।

इस दौरान गाजीपुर जिलाध्यक्ष अमित कुमार राय, जिला मंत्री शैलेंद्र कुमार यादव, पूर्व उपाध्यक्ष रत्नेश कुमार राय, वाराणसी जिलाध्यक्ष सरफुद्दीन, जिला मंत्री अखिलेश पांडेय, विजय प्रताप सिंह, जयवंत कुमार राय और मिर्जापुर संयोजक केदारनाथ दूबे मौजूद रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक और संगठन के पदाधिकारी भी स्वागत कार्यक्रम में शामिल हुए।