Today Breaking News

गाजीपुर में दिव्यांग पत्नी के लिए रास्ता खुलवाने कलेक्ट्रेट पहुंचा पति, ADM ने आश्वासन दिया

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर जनपद के मरदह ब्लॉक के बरही गांव के रोहित सिंह सोमवार को अपनी दिव्यांग पत्नी गुड़िया सिंह को ट्राई साइकिल पर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। जिलाधिकारी के नहीं होने पर उन्होंने एडीएम वेद सिंह चौहान से मुलाकात की और रास्ते की समस्या बताई। उन्होंने रास्ते को ठीक कराने की मांग की।
रोहित सिंह ने बताया कि उनके घर तक जाने वाला रास्ता करीब तीन साल से खराब है। रास्ते पर कचरा और झाड़-झंखाड़ फैला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पट्टीदारों ने रास्ते पर ईंटें गिराकर उसे अवरोध कर दिया है। इस वजह से उन्हें अपनी दिव्यांग पत्नी को ट्राई साइकिल से लाने-ले जाने में रोज दिक्कत होती है।

रोहित ने बताया कि वे पहले भी कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। शिकायत के बाद लेखपाल मौके पर पहुंचे थे और रिपोर्ट में रास्ता चालू बताया गया था। उनका कहना है कि कागजों में रास्ता चालू है, लेकिन मौके पर आज भी आने-जाने में परेशानी बनी हुई है।

ट्राई साइकिल पर बैठी गुड़िया सिंह ने बताया कि रास्ते की खराब हालत के कारण उन्हें आने-जाने में बहुत परेशानी होती है। रास्ते पर कचरा पड़ा रहता है और कहीं भी ठीक सड़क नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि रास्ते पर खड़ंजा लगवाया जाए, ताकि वे आसानी से घर से बाहर आ-जा सकें।

रोहित सिंह ने बताया कि एडीएम से मुलाकात के बाद उन्हें समस्या के समाधान का आश्वासन मिला है। एडीएम वेद सिंह चौहान ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। रास्ते की समस्या का नियम के अनुसार समाधान कराया जाएगा।