गाजीपुर शहर में सड़कें बदहाल, गड्ढे-कीचड़ और जलभराव से बाजार पहुंचना मुश्किल
ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सीवर लाइन बिछाने का काम शुरू हुए करीब सात साल हो गए, लेकिन सड़कों की बदहाली अब भी लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी बनी हुई है। शहर के कई प्रमुख बाजारों में जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जलभराव से राहगीरों का चलना मुश्किल है।
व्यापारियों का कहना है कि खराब सड़कों के कारण ग्राहक बाजार तक आने से बच रहे हैं। इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है। कई जगह ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आने की बात कही जा रही है।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीवर लाइन के नाम पर शहर की सड़कें बार-बार खोदी जाती हैं। काम पूरा होने के बाद सड़क की मरम्मत में देरी होती है और कई जगह सड़क को उसी हालत में छोड़ दिया जाता है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने और कीचड़ होने से समस्या और बढ़ जाती है।
आमघाट के सभासद सोमेश मोहन राय ने नगर की बदहाल सड़कों को लेकर नगर पालिका और संबंधित विभागों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि खुद व्यापारी वर्ग से आते हैं, इसलिए व्यापारियों की समस्या को गंभीरता से उठाया जाना चाहिए।
