Today Breaking News

गाजीपुर में शराब की दुकान से 2.34 लाख नकद और चार पेटी शराब चोरी, DVR भी उखाड़ ले गए

ग़ाज़ीपुर न्यूज़ टीम, गाजीपुर. गाजीपुर में सैदपुर के हसनपुर में एक देशी शराब की दुकान में बुधवार देर रात चोरी हो गई। चोरों ने रोशनदान की सरिया काटकर दुकान में घुसकर 2.34 लाख रुपए नकद और चार पेटी शराब चुरा ली। जाते समय चोर सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर और टीवी भी अपने साथ ले गए, ताकि उनकी हरकतें रिकॉर्ड न हों।
गुरुवार सुबह जब सेल्समैन दुकान पर पहुंचा, तब चोरी का पता चला। दुकान मालिक की ओर से गुरुवार देर शाम पुलिस को इस मामले में शिकायत दी गई है।

दुकान मालिक शीला सिंह की हसनपुर में देशी शराब की दुकान है। परिवार के बबलू सिंह ने बताया कि बुधवार शाम को रोजाना की बिक्री का हिसाब करने के बाद सेल्समैन ने करीब दो दिनों के जमा पैसे दुकान के अंदर एक टीन में रखे थे।

इसके बाद वह पास के कमरे में सोने चला गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर दुकान के पीछे की दीवार का सहारा लेकर छत तक पहुंचे। वहां उन्होंने रोशनदान की सरिया काटी और उसी रास्ते से दुकान के अंदर घुस गए। अंदर घुसने के बाद चोरों ने टीन तोड़कर नकदी निकाली।

इसके बाद उन्होंने शराब के पांच पाउच वहीं पी लिए और फिर चार पेटियां उठाकर भाग गए। चोरी के दौरान दुकान में लगे कैमरे, डीवीआर और टीवी को भी उखाड़ दिया गया। डीवीआर साथ ले जाने से पुलिस के सामने फुटेज हासिल करने की मुश्किल खड़ी हो गई है। गुरुवार सुबह 9 बजे जब सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचा तो उसने देखा कि अंदर सामान बिखरा पड़ा था और रोशनदान टूटा हुआ था।

नकदी और शराब गायब देखकर वह हैरान रह गया। उसने तुरंत दुकान मालिक के परिवार को इसकी जानकारी दी। बबलू सिंह के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की। दुकान के पीछे से लेकर रोशनदान तक के रास्ते को भी देखा गया है।

मौके से चोरों के आने-जाने से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। कोतवाल राम सजन नागर ने बताया कि मामला संज्ञान में है। दुकान मालिक की ओर से गुरुवार शाम तहरीर दी गई है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।